काठमांडू। नेपाल सरकार ने उपभोक्ताओं को खरीदारी के दौरान बिल लेने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नई नकद उपहार योजना शुरू की है। इस योजना के तहत बिल लेने वाले उपभोक्ताओं को हर दिन और महीने में दो बार बंपर पुरस्कार जीतने का मौका मिलेगा।
हर दिन एक विजेता को मिलेगा 1.33 लाख रुपये
नेपाल के वित्त मंत्रालय ने ‘करदाता प्रोत्साहन उपहार कार्यक्रम संचालन कार्यविधि’ जारी कर इस योजना को लागू किया है। मंत्रालय के अनुसार, इसका उद्देश्य कर प्रणाली में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना, खरीद-बिक्री का सही रिकॉर्ड रखना और उपभोक्ताओं को हर खरीदारी पर बिल लेने के लिए प्रेरित करना है।
योजना के तहत हर दिन एक विजेता को 1 लाख 33 हजार 34 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा महीने में दो बार होने वाले बंपर ड्रॉ में दो विजेताओं को 10-10 लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा।
100 रुपये से अधिक की खरीद पर मिलेगा मौका
कार्यविधि के अनुसार, नेपाल में व्यक्तिगत उपयोग के लिए एक बार में 100 रुपये से अधिक मूल्य की वस्तु या सेवा खरीदने वाला उपभोक्ता इस योजना में शामिल हो सकेगा। डिजिटल माध्यम से किए गए भुगतान की जानकारी स्वत: प्रणाली में दर्ज हो जाएगी और पात्र खरीदारी पर उपहार टिकट मिलेगा।
वहीं, नकद या अन्य माध्यम से खरीदारी करने वाले उपभोक्ताओं को वैध बिल मिलने के बाद आंतरिक राजस्व विभाग के वेब पोर्टल या मोबाइल ऐप पर बिल नंबर, विक्रेता का पैन नंबर, बिल जारी होने की तारीख, कुल राशि, भुगतान का तरीका, खरीदार का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा।
इन बिलों को नहीं मिलेगा योजना का लाभ
सरकार ने योजना के लिए कुछ खरीदारी को बाहर रखा है। व्यावसायिक उपयोग की खरीद, सरकारी निकायों या सार्वजनिक संस्थानों के नाम पर जारी बिल, टेलीफोन, इंटरनेट, बिजली, वाहन, परिवहन सेवाओं और हवाई टिकट से जुड़े बिल इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।
इसके अलावा बिना पैन नंबर वाले विक्रेताओं से प्राप्त बिल भी योजना में शामिल नहीं किए जाएंगे।
स्वचालित प्रणाली से होगा विजेताओं का चयन
विजेताओं का चयन विभाग की स्वचालित प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों और मीडिया प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जा सकता है।
हर महीने की एक तारीख को पिछले महीने की 16 तारीख से अंतिम दिन तक दर्ज लेनदेन के आधार पर विजेता चुने जाएंगे। वहीं, 16 तारीख को उसी महीने की पहली से 15 तारीख तक हुए लेनदेन के आधार पर चयन होगा।
विजेताओं को मोबाइल नंबर और ई-मेल के माध्यम से सूचना दी जाएगी। साथ ही उनके नाम विभाग की वेबसाइट और सामाजिक माध्यमों पर भी जारी किए जाएंगे।
पुरस्कार के लिए दस्तावेज जरूरी
पुरस्कार पाने के लिए विजेता को घोषणा के 15 दिनों के भीतर मूल बिल, नागरिकता या राष्ट्रीय पहचान पत्र, पासपोर्ट अथवा ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक खाते का विवरण और पैन नंबर के साथ संबंधित कार्यालय में आवेदन करना होगा।
पुरस्कार राशि पर नेपाल के आयकर कानून के अनुसार 25 प्रतिशत कर काटा जाएगा। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद विभाग 10 दिनों के भीतर राशि विजेता के बैंक खाते में जमा करेगा। यदि कोई विजेता तय समय में दावा नहीं करता है तो पुरस्कार राशि प्रधानमंत्री दैवी प्रकोप उद्धार कोष में जमा कर दी जाएगी।


