नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन प्रस्तावित संसद मार्च को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संसद परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, रैपिड एक्शन फोर्स और वज्र वाहन तैनात किए गए हैं। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त करने के लिए तीन शर्तें सामने रखी हैं।
अनशन खत्म करने के लिए रखीं तीन शर्तें
सामाजिक माध्यम पर जारी संदेश में सोनम वांगचुक ने कहा कि वह अपना अनशन तभी समाप्त करेंगे, जब उनकी तीन में से कोई एक शर्त पूरी होगी। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था की कमियों और प्रश्नपत्र लीक जैसे मामलों की जिम्मेदारी स्वीकार करे, या संबंधित आंदोलन का प्रतिनिधिमंडल संसद तक पहुंचे और विभिन्न दलों के सांसद इस मुद्दे को सदन में उठाने का आश्वासन दें। यदि स्वास्थ्य कारणों से ऐसा संभव नहीं हो, तो सांसद अस्पताल पहुंचकर यही भरोसा दें।
इस बीच वांगचुक की पत्नी ने उन्हें निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने की मांग को लेकर दिल्ली उच्च न्यायालय की खंडपीठ का दरवाजा खटखटाया है।
कई मेट्रो स्टेशन अस्थायी रूप से बंद
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक आम यात्रियों के लिए बंद रखने की घोषणा की है।
संसद परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई
संसद मार्च को देखते हुए संसद मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने प्रमुख मार्गों पर बैरिकेड लगाए हैं और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।


