इंदौर। देश को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में उद्योगों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को इंदौर में ‘रक्षा विनिर्माण में आत्मनिर्भर’ कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला मध्य प्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीआईडीसी) और रक्षा उत्पादन विभाग (डिपार्टमेंट ऑफ डिफेंस प्रोडक्शन) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगी।
कार्यशाला का आयोजन अतुल्य आईटी पार्क स्थित एमपीआईडीसी के क्षेत्रीय कार्यालय में किया जाएगा। जनसंपर्क अधिकारी महिपाल अजय ने बताया कि कार्यक्रम में भारत सरकार और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उन उद्योगों से संवाद करेंगे, जो रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में कार्यरत हैं या ऐसे उत्पादों का निर्माण कर रहे हैं जिनका उपयोग रक्षा क्षेत्र में किया जा सकता है।
एमएसएमई, स्टार्टअप और शैक्षणिक संस्थानों को मिलेगा मंच
कार्यशाला में बड़ी औद्योगिक इकाइयों के साथ-साथ एमएसएमई, स्टार्टअप, शैक्षणिक संस्थान और औद्योगिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इसका उद्देश्य रक्षा क्षेत्र में स्थानीय उद्योगों को नए अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें केंद्र सरकार के रक्षा उत्पादन तंत्र से जोड़ना है।
नवाचार और नई तकनीकों पर होगा फोकस
कार्यक्रम में पारंपरिक विनिर्माण के साथ-साथ नई तकनीकों, नवाचारों और आधुनिक उत्पादन पद्धतियों पर भी चर्चा होगी। उद्योगों से रक्षा क्षेत्र में उपयोगी नए सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे, जिससे उत्पादन क्षमता बढ़ाने और आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सके।
निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
अधिकारियों के अनुसार, कार्यशाला के माध्यम से प्रदेश में रक्षा विनिर्माण से जुड़े नए निवेश अवसर विकसित होंगे। इससे औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार सृजन की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।
इच्छुक उद्योग, उद्यमी, स्टार्टअप और संस्थान कार्यक्रम में भाग लेने के लिए इन्वेस्ट एमपी पोर्टल पर पंजीयन कर सकते हैं।
