शिमला सड़क हादसा: खाई में गिरी कार, चालक की मौत, चार घायल

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में देर रात हुए सड़क हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसा जोगनी क्षेत्र में उस समय हुआ, जब एक ऑल्टो के-10 कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गई।

मध्यरात्रि में हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, तकलेच पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव मुनिष बाहली निवासी जय प्रकाश ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 25 जून की रात करीब 11:45 बजे वह अपने गांव के पीकी राम, सरजन, ज्योति प्रकाश और ललित के साथ ऑल्टो के-10 कार (एचपी-06बी-5765) से यात्रा कर रहे थे। जोगनी के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार खाई में जा गिरी।

अस्पताल में चालक को मृत घोषित किया गया

हादसे के बाद सभी घायलों को महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर (एमजीएमएससी), खनेरी ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने चालक पीकी राम (40) को मृत घोषित कर दिया।

घायलों में सरजन (36), ज्योति प्रकाश (37), ललित (27) और जय प्रकाश (29) शामिल हैं। सभी का खनेरी अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह वाहन पर नियंत्रण खोना और लापरवाही से वाहन चलाना सामने आया है।

पुलिस ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *