लंगोट मेले की तैयारियों का डीएम-एसपी ने किया स्थल निरीक्षण, सुरक्षा और सफाई पर दिया जोर
बिहारशरीफ।
आगामी श्री 108 श्री मणिराम बाबा लंगोट मेला को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है।
शनिवार को जिला पदाधिकारी उदिता सिंह और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने बाबा मणिराम अखाड़ा ग्राउंड और आसपास के इलाकों का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मेला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और मूलभूत सुविधाओं की तैयारियों का जायजा लिया।
गौरतलब है कि बाबा मणिराम अखाड़ा ग्राउंड में 29 जुलाई से 6 अगस्त 2026 तक लंगोट मेले का आयोजन होगा। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
क्या-क्या निर्देश दिए गए
डीएम उदिता सिंह ने अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने मेला क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल, नियमित कचरा उठाव, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बिजली की व्यवस्था भी करने को कहा गया।
डीएम ने कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ आपात स्थिति से निपटने की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
वहीं एसपी भारत सोनी ने सुरक्षा को लेकर समीक्षा की। उन्होंने मेला अवधि में पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि प्रशासन और मेला आयोजन समिति के समन्वय से इस बार मेले को और अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, एसडीओ बिहारशरीफ, वरीय उप समाहर्ता प्राची रिया सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी और मेला समिति के सदस्य मौजूद थे।


