नई दिल्ली। लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। हालांकि लंबे समय तक भूख हड़ताल के कारण उनके स्वास्थ्य पर पड़े प्रभाव को देखते हुए डॉक्टर उन्हें लगातार निगरानी में रखे हुए हैं। यह जानकारी वीएमएमसी एवं सफदरजंग अस्पताल की ओर से जारी चौथे स्वास्थ्य बुलेटिन में दी गई है।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज
अस्पताल के अनुसार, वांगचुक के सभी महत्वपूर्ण शारीरिक मानक फिलहाल स्थिर हैं। हालांकि रक्त संबंधी कुछ जांच मानक अभी भी सामान्य स्तर से थोड़ा अलग हैं। लंबे उपवास के प्रभाव को देखते हुए उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों की बहु-विषयक टीम की निगरानी में रखा गया है।
वीएमएमसी एवं सफदरजंग अस्पताल के चिकित्सकों के साथ अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली के विशेषज्ञ भी उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
चौबीसों घंटे हो रही निगरानी
डॉक्टरों का कहना है कि वर्तमान में स्थिति स्थिर होने के बावजूद संभावित जटिलताओं को देखते हुए लगातार चिकित्सकीय निगरानी और आवश्यक उपचार जारी रखना जरूरी है। इसी कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती रखा गया है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उनकी स्वास्थ्य स्थिति और रक्त संबंधी सभी मानकों की नियमित जांच की जा रही है, ताकि किसी भी बदलाव की स्थिति में तुरंत आवश्यक चिकित्सा उपलब्ध कराई जा सके।


