चेन्नई। चेन्नई पुलिस ने 19 आपराधिक मामलों में वांछित ‘ए’ श्रेणी के हिस्ट्रीशीटर करुप्पु उर्फ तमिल अलगु को पुलिस पर हमला कर फरार होने की कोशिश के दौरान गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि एक मुख्य आरक्षक भी घायल हो गया। पुलिस ने मौके से देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की है।
पुलिस पर किया हमला, भागने की कोशिश नाकाम
पुलिस के अनुसार करुप्पु चेन्नई के कुंद्रथुर के पास तिरुमुडिवाक्कम क्षेत्र का रहने वाला है और उसके खिलाफ दो हत्या समेत 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पुलिस की ‘ए’ श्रेणी के हिस्ट्रीशीटरों की सूची में शामिल है।
गुप्त सूचना मिली थी कि वह कुंद्रथुर क्षेत्र में एक निजी कॉलेज के पीछे स्थित खाली मैदान में गांजा बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया।
इसी दौरान पुलिस को पता चला कि करुप्पु अपने साथी आकाश उर्फ सूर्या के साथ मिलकर देसी बम तैयार कर रहा था। पुलिस टीम को देखते ही उसने कथित तौर पर देसी बम फेंकने का प्रयास किया और मौके से भागने लगा।
मुख्य आरक्षक घायल, पुलिस ने चलाई गोली
पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने मुख्य आरक्षक विजयकुमार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनके दाहिने हाथ की कोहनी में चोट लगी।
स्थिति को नियंत्रित करने और आरोपी को फरार होने से रोकने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस निरीक्षक ने आत्मरक्षा में करुप्पु के दाहिने टखने पर गोली चलाई। गोली लगने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
देसी बम बनाने की सामग्री बरामद
घायल करुप्पु को पहले तांबरम सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे चेन्नई के राजीव गांधी सरकारी अस्पताल भेजा गया। वहीं घायल मुख्य आरक्षक विजयकुमार का उपचार कर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने घटनास्थल से देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त कर ली है। आरोपी के साथी आकाश उर्फ सूर्या की तलाश की जा रही है। मामले में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है।


