Homeबिहाररात के अंधेरे में हुआ ऐसा हादसा, मां समेत 4 मासूमों की...

रात के अंधेरे में हुआ ऐसा हादसा, मां समेत 4 मासूमों की चली गई जान

सीतामढ़ी। रिगा प्रखंड के रेवासी गांव में एक कच्चे मकान पर विशाल पीपल का पेड़ गिर जाने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है। यह हादसा सोमवार देर रात करीब एक से दो बजे के बीच हुआ, जब परिवार के सभी सदस्य अपने घर में सो रहे थे। तेज आंधी के कारण मकान के समीप स्थित एक विशाल पीपल का पेड़ अचानक कच्चे घर पर गिर पड़ा। पेड़ गिरने से मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सो रहे परिवार के सदस्य मलबे में दब गए। हादसे में पूजा देवी (28 वर्ष), उनके पुत्र राजकुमार (7 वर्ष), पुत्री शिवानी (5 वर्ष), वीरभद्र कुमार (2 वर्ष) तथा एक माह के शिशु लाइगर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। हालांकि, पूजा देवी समेत तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल वीरभद्र कुमार को उपचार के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई। एक माह के मासूम लाइगर कुमार की भी जान नहीं बचाई जा सकी। इस प्रकार परिवार के पांच सदस्यों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने बताया कि तेज आंधी और बारिश के कारण क्षेत्र में कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे भी क्षतिग्रस्त हुए हैं, लेकिन रेवासी गांव में हुई यह घटना सबसे अधिक दर्दनाक रही। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) राजीव कुमार सिंह ने बताया कि यह पूरी तरह प्राकृतिक आपदा से जुड़ी घटना है। प्रशासन पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है। अंचल अधिकारी (सीओ) और प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को आवश्यक कार्रवाई करने तथा क्षति का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएसपी ने बताया कि राज्य सरकार की आपदा राहत योजना के तहत मृतकों के परिजनों को निर्धारित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि राहत एवं मुआवजा प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी। बिहार में सोमवार देर रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने सीतामढ़ी जिले में एक परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments