Homeअन्तर्राष्ट्रीयस्वाति मालीवाल ने भाजपा जॉइन की, आम आदमी पार्टी पर साधा निशाना

स्वाति मालीवाल ने भाजपा जॉइन की, आम आदमी पार्टी पर साधा निशाना

नई दिल्ली : राज्यसभा सांसद एवं दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की औपचारिकता पूरी की।

दिल्ली भाजपा कार्यालय में स्वाति मालीवाल ने प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा और सांसद योगेन्द्र चंदोलिया की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

मालीवाल ने कहा, “आज काफी महत्वपूर्ण दिन है। मैं भावुक भी हूं, आज भाजपा में शामिल होने का मौका मिला। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से प्रेरणा लेकर मैं भाजपा में जुड़ी हूं। भाजपा के कार्यों में मुझे बहुत पहले से दिलचस्पी रही है। दिल्ली महिला आयोग के अध्यक्ष पद पर रहने के दौरान भाजपा की तरफ से काफी सहयोग मिला था। मैं दिल्ली के लिए अब और जी-जान से काम करूंगी, जैसे हमेशा से करती आई हूं।“

आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आआपा पूरे देश में ड्रामा, झूठ, फ़रेब, गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार इसके लिए जानी जा रही है, जो बहुत शर्म की बात है। पिछले 10 सालों में हम देख रहे हैं कि किस तरीके से आआपा के संयोजक केजरीवाल ने दिल्ली में बहुत ही ज़्यादा लूट मचा रखी थी। बहुत ज़्यादा बुरा हाल कर रखा था। सड़कें बिलकुल खराब पड़ी थीं, पानी की व्यवस्था बहुत ज़्यादा खराब थी, दिल्लीवासी जो मूल व्यवस्था है उसके लिए तरस रहे थे। अभी पिछले दो साल में रेखा गुप्ता की सरकार ने काफी काम करने का प्रयास किया है, अभी और बहुत काम करने की जरूरत है और सब मिलके अब ये काम करेंगे।

उन्होंने कहा, “आआपा की अव्यवस्थित राजनीति से त्रस्त होकर मैंने ये पार्टी छोड़ी है, भाजपा में शामिल हुई हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि भाजपा में रहकर मैं दिल्लीवासियों के लिए बहुत अच्छे से काम कर पाऊंगी।”

उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ही राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने आआपा छोड़कर आए राज्यसभा के सात सदस्यों को भाजपा में विलय की मंजूरी दी थी, जिसमें मालीवाल भी हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments