मुंबई के मानखुर्द में निर्माणाधीन तीन मंजिला मकान ढहा, महिला समेत 7 लोगों की मौत

मुंबई। मुंबई के मानखुर्द स्थित मंडाला जनता नगर में रविवार रात एक निर्माणाधीन तीन मंजिला मकान अचानक बगल के मकान पर गिर गया। हादसे में एक महिला और छह बच्चों सहित सात लोगों की मौत हो गई। मलबे में एक अन्य व्यक्ति के फंसे होने की आशंका है, जिसकी तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

बारिश के बीच हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब नौ बजे लगातार हो रही बारिश के बीच निर्माणाधीन भवन अचानक ढह गया और पास के मकान पर जा गिरा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ, मुंबई नगर निगम और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस के अनुसार, मलबे में एक व्यक्ति के दबे होने की आशंका को देखते हुए सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।

अस्पताल में मृत घोषित किए गए सभी घायल

मुंबई नगर निगम की महापौर रीतू तावड़े ने बताया कि हादसे में बगल के मकान में रहने वाली एक महिला और उसके तीन बच्चों के साथ पड़ोस के तीन अन्य बच्चे मलबे में दब गए थे। सभी को तत्काल शताब्दी और राजावाड़ी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सातों को मृत घोषित कर दिया।

अवैध निर्माण की भी होगी जांच

महापौर ने बताया कि गिरा हुआ निर्माणाधीन भवन कथित रूप से कलेक्टर की जमीन पर अवैध रूप से बनाया गया था। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और अवैध निर्माण के मामले की भी पड़ताल होगी।

स्थानीय पार्षद नवनाथ बन ने बताया कि घटना स्थल की संकरी गलियों के कारण राहत कार्य में शुरुआती कठिनाई आई। हालांकि एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार मलबा हटाकर तलाशी अभियान चला रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *