झांसी। यातायात नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर दबंगई दिखाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। यातायात निरीक्षक देवेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों पर कार्रवाई की गई। महज 24 घंटे में 2.17 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि कई वाहनों को सीज भी किया गया।
अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करने, काली फिल्म का इस्तेमाल करने और बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने वालों को विशेष रूप से निशाने पर लिया गया। शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर सघन जांच के दौरान 6 बुलेट मोटरसाइकिलों को सीज किया गया, जबकि एक अन्य बुलेट का चालान काटा गया। इस कार्रवाई में 1.21 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा एक थार वाहन को भी सीज किया गया। वहीं 6 अन्य थार, फॉर्च्यूनर, बोलेरो और स्कॉर्पियो वाहनों के चालान किए गए, जिन पर कुल 51 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश करने वाले एक ट्रक पर 20 हजार रुपये का चालान किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से 25 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
यातायात निरीक्षक देवेंद्र शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन नहीं कराने की अपील की।
