Homeझारखंडजमीन विवाद से परेशान युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, अंचलाधिकारी को मौके...

जमीन विवाद से परेशान युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, अंचलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग

हजारीबाग : जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित बानादाग में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक करीब 85 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने अपनी जमीन के म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) से जुड़ी समस्या का समाधान नहीं होने पर विरोध स्वरूप यह कदम उठाया।

टावर पर चढ़े युवक की पहचान चतरा जिले के टंडवा निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बानादाग एनटीपीसी साइडिंग में कार्यरत है। विकास का आरोप है कि उसकी जमीन का म्यूटेशन पिछले पांच-छह महीनों से लंबित है और अंचल कार्यालय में बार-बार आवेदन देने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला।

युवक ने कटकमदाग अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अंचलाधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान पर गंभीर आरोप लगाए। उसका कहना है कि अधिकारियों की मिलीभगत से उसकी जमीन किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज कर दी गई है। उसने चेतावनी दी कि जब तक उसकी जमीन से संबंधित अभिलेखों में सुधार नहीं किया जाता और समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा।

घटना की सूचना मिलते ही कटकमदाग थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। युवक को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास किए गए। इस दौरान घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ समय के लिए सड़क पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

पुलिस अधिकारियों ने युवक से मोबाइल फोन के माध्यम से बातचीत की, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़ा रहा और अंचलाधिकारी को मौके पर बुलाने की जिद करता रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अंचलाधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान भी घटनास्थल पहुंचे और युवक से बातचीत शुरू की।

प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा युवक को शांत कर सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश जारी है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments