Homeझारखंडकरैत सांप के डंसने से दो महिलाओं की मौत, ग्रामीण क्षेत्रों में...

करैत सांप के डंसने से दो महिलाओं की मौत, ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत

पूर्वी सिंहभूम। जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र में करैत सांप के डंसने से दो महिलाओं की मौत हो गई। शनिवार रात अलग-अलग गांवों में हुई इन घटनाओं के बाद ग्रामीण इलाकों में भय और चिंता का माहौल है।

मृतकों की पहचान सुमी सरदार और 28 वर्षीय निनी महाकुड़ के रूप में हुई है। दोनों को सांप के डंसने के बाद परिजनों ने तत्काल डुमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया था। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार, सुमी सरदार को करैत सांप ने डंस लिया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी।

दूसरी घटना में बेसरापहाड़ी गांव निवासी निनी महाकुड़ को देर रात करैत सांप ने बाएं हाथ में डंस लिया। परिजनों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया। साथ ही जिस सांप ने डंसा था, उसे पकड़कर बोतल में बंद कर चिकित्सकों को भी दिखाया। बावजूद इसके जहरीले करैत के विष का असर तेजी से फैलने के कारण उनकी भी मौत हो गई।

लगातार हुई दो मौतों के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने तथा सर्पदंश से बचाव और उपचार की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments