नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने रविवार को नई दिल्ली स्थित मन्नम इंटरनेशनल सेंटर में मन्नम स्मृति मंडपम का उद्घाटन किया। नायर सर्विस सोसाइटी की दिल्ली शाखा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने समाज सुधारक और स्वतंत्रता सेनानी मन्नथु पद्मनाभन की प्रतिमा का भी अनावरण किया।
कार्यक्रम में मन्नथु पद्मनाभन को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उन्होंने वर्ष 1914 में नायर सर्विस सोसाइटी की स्थापना की थी और केरल में सामाजिक न्याय, शिक्षा, समानता तथा सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी और नायर सर्विस सोसाइटी के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
मन्नथु पद्मनाभन के आदर्श आज भी प्रेरणादायक
उपराष्ट्रपति ने कहा कि मन्नथु पद्मनाभन का सामाजिक न्याय, समानता, शिक्षा और समाज सेवा के प्रति समर्पण आज भी देश को प्रेरित करता है। उनके आदर्श समावेशी और सामंजस्यपूर्ण समाज के निर्माण में मार्गदर्शक हैं।
उन्होंने मन्नम स्मृति मंडपम के निर्माण के लिए नायर सर्विस सोसाइटी की दिल्ली शाखा की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल उनकी विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में लगाया पौधा
कार्यक्रम के दौरान उपराष्ट्रपति ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मन्नम इंटरनेशनल सेंटर परिसर में एक पौधा भी लगाया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
