Homeराष्ट्रीयपश्चिमी भारत में अगले छह दिन भारी बारिश के आसार, कई राज्यों...

पश्चिमी भारत में अगले छह दिन भारी बारिश के आसार, कई राज्यों के लिए चेतावनी

नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देश के पश्चिमी हिस्सों सहित कई राज्यों में अगले छह दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान कई क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश का अनुमान

आईएमडी के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में सुबह से दोपहर तक कई स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। शनिवार को भी मौसम लगभग ऐसा ही रहेगा, जबकि रविवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है।

इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी, पूर्वोत्तर और उत्तर प्रायद्वीपीय भारत में मानसून सक्रिय रहेगा। शुक्रवार को गुजरात, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और मध्य महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

अगले छह दिनों के दौरान पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, सौराष्ट्र, कच्छ, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह तथा पूर्वोत्तर भारत के सभी राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।

तेज हवाओं का भी असर

आईएमडी ने बताया कि बारिश के साथ कई क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments