Ranchi सहित पूरे झारखंड में सोमवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज आंधी और झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को दोबारा ठंड का एहसास होने लगा। महज आधे घंटे की बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने राजधानी की बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया।
रांची के रातू रोड, मेन रोड, पिस्का मोड़, कोकर, लालपुर, हरमू रोड, चुटिया, डोरंडा, हिंदपीढ़ी, कडरू, अपर बाजार और धुर्वा समेत कई इलाकों में रात करीब एक बजे तक अंधेरा छाया रहा। मेघ गर्जन और आसमान में लगातार बिजली चमकने से लोग घरों में ही दुबके रहे।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रांची के अलावा Lohardaga, Chatra, Garhwa, Gumla, Khunti, Koderma, Palamu और Ramgarh में भी मौसम का व्यापक असर देखा गया।
कई जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 24 और 25 फरवरी को राज्य के कई जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
24 फरवरी को रांची, Latehar, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, रामगढ़, Bokaro, Hazaribagh और कोडरमा में अलर्ट रहेगा।
वहीं 25 फरवरी को रांची, बोकारो, खूंटी, Seraikela-Kharsawan, West Singhbhum और East Singhbhum जिलों में चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने और वज्रपात के समय सतर्कता बरतने की अपील की है।
