कोलकाता। पश्चिम बंगाल को जल्द ही नया विधानसभा भवन मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के प्रस्ताव पर विधानसभा अध्यक्ष रथींद्रनाथ बोस ने न्यू टाउन में 40 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक विधानसभा भवन के निर्माण की घोषणा की है। यह घोषणा विधानसभा के बजट सत्र के अंतिम दिन शनिवार को की गई।
सीटें बढ़ने की संभावना को देखते हुए लिया फैसला
मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में परिसीमन और महिला आरक्षण लागू होने के बाद विधानसभा की वर्तमान 294 सीटों की संख्या बढ़कर 400 से अधिक हो सकती है। ऐसे में मौजूदा विधानसभा भवन भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में सक्षम नहीं होगा।
उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण कर निर्माण की प्रारंभिक योजना तैयार करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए भवन के निर्माण के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
पुराने विधानसभा भवन की विरासत रहेगी सुरक्षित
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान विधानसभा भवन का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व बना रहेगा। स्वतंत्रता से पहले बने इस भवन ने पश्चिम बंगाल की संसदीय परंपरा के कई महत्वपूर्ण दौर देखे हैं। उन्होंने कहा कि नए भवन के निर्माण के बाद भी पुराने भवन की विरासत को सुरक्षित रखा जाएगा और इसके उपयोग को लेकर सरकार अलग से निर्णय लेगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया भवन
मुख्यमंत्री ने कोविड-19 महामारी के दौरान विधानसभा में जगह की कमी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस समय शारीरिक दूरी के नियमों के कारण विधायकों को दर्शक दीर्घा तक बैठाना पड़ा था, जिससे भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बड़े भवन की आवश्यकता महसूस हुई।
उन्होंने विधानसभा परिसर के आधुनिकीकरण पर भी जोर दिया। इसमें विधायक आवास का विकास, आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक मतदान प्रणाली, बेहतर कैंटीन व्यवस्था और सदन की कार्यवाही के दौरान मंत्रियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने जैसे प्रस्ताव शामिल हैं।


