गिरिडीह। प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य अजय महतो उर्फ टाइगर की गिरफ्तारी के बाद उसकी पत्नी बबीता संथाली ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। गिरिडीह पुलिस अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार, बबीता संथाली भी नक्सली संगठन में सक्रिय रही है और अजय महतो के दस्ते में शामिल थी।
अजय की निशानदेही पर चल रही छापेमारी
जानकारी के अनुसार, 25 लाख रुपये के इनामी नक्सली अजय महतो को गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार की टीम ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। उसकी निशानदेही पर पुलिस क्षेत्र में छापेमारी अभियान चला रही है।
इसी बीच उसकी पत्नी बबीता संथाली ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
कई नक्सली घटनाओं में शामिल रही है बबीता
पुलिस के मुताबिक, बबीता संथाली संगठन में अहम भूमिका निभा चुकी है। वह एरिया कमांडर भी रह चुकी है और अजय महतो के दस्ते में रहकर कई नक्सली घटनाओं में शामिल रही है। उसके खिलाफ कई जिलों में मामले दर्ज हैं।
बबीता का मायका बोकारो जिले के गोमिया क्षेत्र के लुगु जलगा ढोढ़ी में है। पुलिस का मानना है कि उसका आत्मसमर्पण नक्सली संगठन के लिए बड़ा झटका है।
अजय महतो पर था 25 लाख रुपये का इनाम
भाकपा माओवादी के स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य अजय महतो पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, अजय महतो का नाम झारखंड के अलावा बिहार, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में हुई कई नक्सली घटनाओं से जुड़ा रहा है। पारसनाथ क्षेत्र से लेकर सारंडा और अन्य इलाकों में उसकी गतिविधियां रही हैं।
पुलिस के अनुसार, अजय महतो कई गंभीर मामलों में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है।


