फर्रुखाबाद। उत्तराखंड के केदारनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहे फर्रुखाबाद के एक युवक की यात्रा मार्ग में दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन बेटे के शव के घर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं और उनकी आंखें राह देखते-देखते पथरा गई हैं।
मृतक की पहचान कायमगंज तहसील के कंपिल नगर स्थित मोहल्ला मांझगांव निवासी 28 वर्षीय प्रिंस शुक्ला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार प्रिंस बीते शुक्रवार को अपने ससुराल पक्ष के लोगों और मित्रों सहित लगभग एक दर्जन साथियों के साथ बाइक से केदारनाथ यात्रा पर गए थे।
बुधवार सुबह बाबा केदारनाथ के दर्शन के बाद वह घोड़े पर सवार होकर सोनप्रयाग की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान यात्रा मार्ग में अचानक घोड़े का संतुलन बिगड़ गया, जिससे प्रिंस गहरी खाई में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और साथी यात्रियों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया तथा रेस्क्यू टीम को सूचना दी।
रेस्क्यू दल के पहुंचने तक काफी देर हो चुकी थी। गंभीर चोटों के कारण प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
प्रिंस शुक्ला अपने परिवार में चार बहनों और दो भाइयों के बीच जिम्मेदार और मिलनसार स्वभाव के युवक माने जाते थे। उनकी शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी और उनका एक वर्ष का बेटा है। हादसे से कुछ घंटे पहले ही उन्होंने अपने परिजनों से फोन पर बात की थी, जिससे परिवार को इस दुखद घटना पर विश्वास करना मुश्किल हो रहा है।
मृतक के पिता नरेंद्र शुक्ला ने बताया कि बेटे का शव अभी तक घर नहीं पहुंचा है। परिवार और रिश्तेदार लगातार उसके आने का इंतजार कर रहे हैं। मां-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पत्नी सदमे में है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
