बाराबंकी : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ के फतेहपुर थाना क्षेत्र स्थित झांसा गांव में शुक्रवार की देर रात एक बेकाबू डंपर ने सड़क किनारे सो रहे एक ही परिवार के 5 लोगों को बेरहमी से रौंद दिया। इस भीषण हादसे में परिवार के 4 सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिजली कटने पर बाहर सोने आया था परिवार
सीओ फतेहपुर जगतराम कन्नौजिया ने बताया कि मृतक नीरज किराए पर मैजिक (कमर्शियल गाड़ी) चलाकर अपने परिवार का पेट पालता था। उसके परिवार में पत्नी आरती, दो बेटे अनुराग व अंशु और एक बेटी अंशिका थी। ग्रामीणों के मुताबिक, शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था। अचानक रात में बिजली कट गई, जिससे परेशान होकर नीरज गर्मी से बचने के लिए अपनी पत्नी और बच्चों को लेकर सड़क के किनारे आकर सो गया।
पेड़ से टकराने के बाद लोगों पर चढ़ा डंपर
रात करीब 2 बजे काल बनकर आए एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने पहले सड़क किनारे लगे एक पेड़ में जोरदार टक्कर मारी और फिर उसके बाद वहाँ सो रहे मासूम बच्चों और दंपती को कुचल दिया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर दौड़े ग्रामीणों ने तुरंत सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने नीरज और उसके तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
हालत गंभीर: हादसे में गंभीर रूप से घायल पत्नी आरती की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ रेफर किया है।
वाहन छोड़कर चालक फरार, गांव में पसरा मातम
दिल दहला देने वाली इस घटना के बाद आरोपी चालक डंपर को मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। एक ही झटके में पूरा परिवार खत्म हो जाने से झांसा गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
