चंबा/शिमला : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के सात पर्यटकों समेत आठ लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। यह दुर्घटना चुराह उपमंडल के बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग पर 29 मई की मध्यरात्रि को हुई, जब पर्यटकों को लेकर जा रही एर्टिगा कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद से वाहन में सवार सभी लोग लापता हैं और उनके जीवित बचने की संभावना बेहद कम बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के दो परिवारों के सात सदस्य पर्यटन के लिए हिमाचल प्रदेश आए थे। सभी पर्यटक डलहौजी के एक होटल में ठहरे हुए थे और 29 मई को साच पास घूमने के लिए निकले थे। देर रात तक होटल वापस नहीं लौटने और संपर्क न होने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को पता चला कि पर्यटकों की एर्टिगा कार (HP-01C-2133) बैरागढ़-साच पास-किलाड़ सड़क पर गहरी खाई में गिर गई है। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। दुर्घटनास्थल दुर्गम क्षेत्र में होने के कारण राहत और बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कार में अरविंद, उनकी पत्नी प्राची, उनके दो बेटे दर्श और अपशद, पी.जी. कार्तिगहेयन, उनकी पत्नी मणिमाला, पुत्र नंदन तथा चालक विश्वास सवार थे। चालक विश्वास चंबा जिले के डलहौजी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दलों को मौके पर भेज दिया गया था। उन्होंने कहा कि दुर्घटनास्थल तक पहुंचना बेहद चुनौतीपूर्ण है, लेकिन खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। उन्होंने स्वयं भी घटनास्थल के लिए रवाना होने की जानकारी दी।
गौरतलब है कि मई महीने में चंबा जिले में पर्यटकों से जुड़ा यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले 10 मई को भटियात उपमंडल के ककीरा-लाहड़ू मार्ग पर गुजरात के पर्यटकों से भरी एक इनोवा कार गहरी खाई में गिर गई थी, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई थी और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे।
