पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज को बड़ा झटका लगा है। बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जनसुराज के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।
सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में मुख्य सचेतक एवं दीघा विधायक संजीव चौरसिया समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
इन नेताओं ने थामा भाजपा का दामन
भाजपा में शामिल होने वालों में दीघा से जनसुराज के पूर्व प्रत्याशी बिट्टू सिंह, कुम्हरार से पूर्व प्रत्याशी प्रो. डॉ. केसी सिन्हा, मनेर से पूर्व प्रत्याशी गोपाल सिंह और पटना नगर निगम की पूर्व महापौर प्रत्याशी विनीता सिंह सहित कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हैं।
राष्ट्रहित में लिया फैसला : प्रो. केसी सिन्हा
प्रो. डॉ. केसी सिन्हा ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में राष्ट्रहित सर्वोपरि है और देश को मजबूत नेतृत्व की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। बिहार को ज्ञान की भूमि बताते हुए उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने की बात कही और भाजपा नेतृत्व का आभार जताया।
भाजपा ने बताया बढ़ते जनाधार का संकेत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व, केंद्र सरकार के कार्यों और भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के नेता बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नए सदस्यों के आने से संगठन और मजबूत होगा तथा आगामी चुनावों में इसका सकारात्मक असर देखने को मिलेगा।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले जनसुराज के कई प्रमुख नेताओं और पूर्व प्रत्याशियों का भाजपा में शामिल होना बिहार की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
