Homeराष्ट्रीयपूर्व विधायक शौकत मोल्ला गिरफ्तार, एनआईए ने देर रात दबोचा

पूर्व विधायक शौकत मोल्ला गिरफ्तार, एनआईए ने देर रात दबोचा

कोलकाता : भांगड़ बम विस्फोट मामले में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने तृणमूल कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी और कैनिंग पूर्व के पूर्व विधायक शौकत मोल्ला को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। केंद्रीय एजेंसी ने उन्हें कोलकाता के चिंगड़ीघाटा इलाके से हिरासत में लिया।

सूत्रों के मुताबिक, एनआईए को आशंका थी कि शौकत मोल्ला गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि परिवार का दावा है कि वह स्वयं केंद्रीय एजेंसी के समक्ष आत्मसमर्पण करने जा रहे थे। उनकी बेटी ने कहा कि उनके पिता को गिरफ्तार नहीं किया गया, बल्कि उन्होंने खुद सरेंडर किया है।

गौरतलब है कि गुरुवार सुबह एनआईए की टीम ने दक्षिण 24 परगना जिले के जीवनतला स्थित शौकत मोल्ला के आवास पर छापेमारी की थी। उस दौरान वह घर पर मौजूद नहीं थे। एजेंसी ने उनके पुत्र इमरान मोल्ला से पूछताछ की और घर की तलाशी भी ली थी।

एनआईए की यह कार्रवाई भांगड़ के दक्षिण बामुनिया क्षेत्र में हुए बम विस्फोट मामले की जांच के तहत की गई है। विधानसभा चुनाव से पहले हुए इस विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे।

इस मामले में भारतीय सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के प्रमुख एवं भांगड़ विधायक नौशाद सिद्दीकी ने निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इसके बाद मामले की जांच राज्य पुलिस से लेकर एनआईए को सौंप दी गई थी। जांच के दौरान कई आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है और अब इसी क्रम में शौकत मोल्ला को भी गिरफ्तार किया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments