Homeबिहारलालू-राबड़ी का बड़ा कदम, आवास से हटाए सभी सुरक्षाकर्मी

लालू-राबड़ी का बड़ा कदम, आवास से हटाए सभी सुरक्षाकर्मी

पटना : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था में की गई कटौती के विरोध में बड़ा कदम उठाते हुए अपने सरकारी आवास पर तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस भेज दिया है। इस फैसले के बाद आवास परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह समाप्त हो गई है।

जानकारी के अनुसार, लालू यादव और राबड़ी देवी ने सुरक्षा ड्यूटी में लगे जवानों को आवास छोड़ने का निर्देश दिया, जिसके बाद सभी सुरक्षाकर्मी अपने-अपने बैरकों में लौट गए। मुख्य प्रवेश द्वार से भी सुरक्षा हटा ली गई, जिससे आवास परिसर के बाहर सन्नाटा पसरा हुआ दिखाई दिया।

राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा में कटौती के विरोध स्वरूप यह कदम उठाया गया है। आम दिनों में जहां आवास के बाहर सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी रहती थी, वहां अब कोई सुरक्षा दस्ता तैनात नहीं है।

गौरतलब है कि बिहार सरकार ने हाल ही में कई वीआईपी व्यक्तियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की थी। इसी समीक्षा के आधार पर लालू परिवार के सदस्यों की सुरक्षा में बदलाव किया गया है। हालांकि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा व्यवस्था में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।

नई व्यवस्था के तहत पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते लालू प्रसाद यादव को हाउस गार्ड, अंगरक्षक, पायलट वाहन, एस्कॉर्ट और बुलेटप्रूफ वाहन जैसी सुविधाएं मिलती रहेंगी। वहीं राबड़ी देवी को भी महिला एवं पुरुष अंगरक्षक, सुरक्षा कर्मी, पायलट वाहन, एस्कॉर्ट और बुलेटप्रूफ कार की सुविधा जारी रहेगी। हालांकि दोनों नेताओं की सुरक्षा में तैनात बलों की संख्या पहले की तुलना में कम कर दी गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments