Homeराष्ट्रीयदर्दनाक ! भीषण सड़क हादसा, 8 की मौत, 12 घायल

दर्दनाक ! भीषण सड़क हादसा, 8 की मौत, 12 घायल

चंडीगढ़ : पंजाब के फिरोजपुर-फाजिल्का मार्ग पर शनिवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के समय सभी लोग एक पारिवारिक सदस्य की अस्थियां विसर्जित करने के लिए जलालाबाद से डेरा ब्यास जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार, जलालाबाद के गांव मल्कज़ादे का एक परिवार अपने दिवंगत परिजन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए रिश्तेदारों के साथ पिकअप वाहन में सवार होकर डेरा ब्यास जा रहा था। वाहन में करीब 25 से 30 लोग मौजूद थे। जब पिकअप गांव हुसैनशाह के निकट जंगावाला मोड़ के पास पहुंची, तभी उसकी सामने मौजूद एक ट्राले से जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के ऊपरी हिस्से में बने टूल बॉक्स पर बैठे कई लोग उछलकर ट्राले के शीशे को तोड़ते हुए उसके भीतर जा गिरे। हादसे में कई लोग वाहन के अंदर ही फंस गए। बताया जा रहा है कि कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एसएसपी फिरोजपुर भूपिंदर सिंह ने राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में घायल अंशप्रीत ने बताया कि सभी लोग सुबह करीब 3:30 बजे अस्थियां लेकर रवाना हुए थे। रास्ते में ईंधन भरवाने के बाद जैसे ही वे जंगावाला मोड़ के पास पहुंचे, सड़क के बीच खड़े ट्राले से उनकी पिकअप की टक्कर हो गई।

सिविल अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिल गुप्ता ने बताया कि गंभीर रूप से घायल कई लोगों को बेहतर उपचार के लिए फरीदकोट स्थित गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments