मीरजापुर : देहात कोतवाली क्षेत्र के मझिगवां गांव स्थित एक तालाब में नहाने के दौरान दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य किशोर को ग्रामीणों ने समय रहते बचा लिया। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नहाते समय गहरे पानी में फंसे किशोर
जानकारी के अनुसार, अमित उर्फ बाबू सोनी (15) अपने दोस्तों चंटू गुप्त (15) और मंटू गुप्त (14) समेत अन्य साथियों के साथ घूमते हुए तालाब के पास पहुंचा था। नहाने के दौरान अमित अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में चंटू भी पानी में उतरा, लेकिन वह भी गहराई में फंस गया।
दोनों को संकट में देखकर मंटू भी तालाब में कूद पड़ा। इस दौरान साथ मौजूद अन्य किशोरों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
दो घंटे चले अभियान के बाद मिले शव
ग्रामीणों ने मंटू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अमित और चंटू का पता नहीं चल सका। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद दोनों किशोरों के शव तालाब से बरामद किए गए।
परिवारों में मचा कोहराम
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक किशोरों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
