नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र के खेड़ी भनौता गांव में गुटखा मांगने को लेकर हुए विवाद में आईटीबीपी के एक जवान ने पड़ोसी दुकानदार को गोली मार दी। घायल दुकानदार को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी जवान को गिरफ्तार कर उसके पास से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली है।
गुटखा मांगने को लेकर हुआ विवाद
थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि उदय प्रताप (42) खेड़ी भनौता गांव में किराना दुकान चलाते हैं। सोमवार देर रात उनके पड़ोस में रहने वाले आईटीबीपी जवान सुरेंद्र फौजी गुटखा लेने के लिए दुकान पर पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सुरेंद्र फौजी ने गुस्से में अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उदय प्रताप पर गोली चला दी। गोली दुकानदार के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
लाइसेंसी पिस्टल बरामद
पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मामला दर्ज कर जांच शुरू की और मंगलवार सुबह आरोपी सुरेंद्र फौजी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


