जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने राजसमंद जिला परिवहन कार्यालय में कार्यरत सहायक प्रशासनिक अधिकारी दिनेश कलोलिया के खिलाफ आकस्मिक जांच अभियान चलाते हुए उनकी निजी कार और जामा तलाशी में 28 हजार 110 रुपये की संदिग्ध नकदी बरामद की है। राशि के संबंध में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर एसीबी ने इसे सबूत के तौर पर जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर चित्तौड़गढ़ चौकी की टीम ने यह कार्रवाई की। एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि सूचना मिली थी कि दिनेश कलोलिया कथित रूप से अवैध वसूली करने के बाद कार्यालय समय समाप्त होने पर अपनी निजी कार से राजसमंद से उदयपुर की ओर रवाना होंगे। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष जांच अभियान की योजना बनाई गई।
टोल प्लाजा पर रोकी गई कार
डॉ. रामेश्वर सिंह, उप महानिरीक्षक पुलिस (एसीबी) के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल स्वरूप मेवाड़ा के नेतृत्व में एसीबी टीम ने नेगड़िया श्रीनाथजी उदयपुर प्राइवेट लिमिटेड टोल प्लाजा पर वाहन को रुकवाया। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड और दिनेश कलोलिया की जामा तलाशी में कुल 28 हजार 110 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ के दौरान अधिकारी इस राशि के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
उदयपुर स्थित आवास पर भी तलाशी
एसीबी अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर मुख्यालय के निर्देश पर दिनेश कलोलिया के उदयपुर स्थित आवास पर भी तलाशी की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।


