Homeक्राइमप्रेम प्रसंग में युवक ने नाबालिग भाई पर फावड़े से किया हमला,...

प्रेम प्रसंग में युवक ने नाबालिग भाई पर फावड़े से किया हमला, हालत गंभीर

देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक ने अपनी प्रेमिका के नाबालिग भाई पर फावड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। किशोर का गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

दो साल से चल रहा था प्रेम संबंध

पुलिस के अनुसार, आजमगढ़ जिले के मेहनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी सत्यप्रकाश चौहान का गांव की एक युवती से करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों के रिश्ते की जानकारी परिजनों को भी थी, लेकिन करीब डेढ़ माह पहले युवती ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर बातचीत बंद कर दी थी।

घर पहुंचकर किया हमला

रविवार को सत्यप्रकाश युवती के घर पहुंचा और बातचीत बंद करने का कारण पूछने लगा। इसी दौरान युवती का नाबालिग भाई वहां पहुंच गया और युवक के घर आने का विरोध किया। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि गुस्से में आकर सत्यप्रकाश ने पास में पड़े फावड़े से किशोर के सिर और गर्दन पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल किशोर को पहले महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गोरखपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है और घटना के दूसरे दिन भी उसे होश नहीं आया था।

आरोपी गिरफ्तार, परिवार पर आर्थिक संकट

रामपुर कारखाना थाना पुलिस ने आरोपी सत्यप्रकाश चौहान के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।

घटना के बाद पीड़ित परिवार आर्थिक संकट से भी जूझ रहा है। परिजनों का कहना है कि इलाज का खर्च उधार और ग्रामीणों की मदद से चलाया जा रहा है। लगातार बढ़ते खर्च के कारण परिवार खेती की जमीन बेचने की तैयारी कर रहा है। इस बीच क्षेत्राधिकारी सदर संजय कुमार रेड्डी ने पीड़ित परिवार को 4,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments