देशभर में बड़े आंदोलन की तैयारी! कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

नई दिल्ली। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गुरुवार को यहां पार्टी महासचिवों, प्रदेश प्रभारियों और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों की करीब तीन घंटे चली बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। वेणुगोपाल ने मध्य प्रदेश में मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा नामांकन खारिज किए जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उनके खिलाफ न तो कोई आपराधिक मामला था, न एफआईआर और न ही कोई आरोपपत्र। इसके बावजूद उनका नामांकन निरस्त कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरी ओर झारखंड में भाजपा समर्थित एक कॉरपोरेट उम्मीदवार के नामांकन पत्र में कई विसंगतियां होने के बावजूद उसे स्वीकार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र की दयनीय स्थिति को दर्शाता है। वोट चोरी के बाद अब सीट चोरी की जा रही है। कांग्रेस इस मामले को कानूनी और राजनीतिक दोनों स्तरों पर लड़ेगी। वेणुगोपाल ने कहा कि बैठक में देश की वर्तमान राजनीतिक और आर्थिक स्थिति पर भी चर्चा हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार कोई कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी चरम पर है और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ है। युवाओं के सामने रोजगार का संकट है और छात्र नीट तथा सीबीएसई परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर चिंता में हैं। इन मामलों में सरकार कोई नैतिक जिम्मेदारी नहीं ले रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि देश में एक ओर लोकतांत्रिक संस्थाओं पर संकट है तो दूसरी ओर आम जनता आजीविका की समस्याओं से जूझ रही है। ऐसे में कांग्रेस जनता के बीच जाएगी, उनकी समस्याओं को सुनेगी और उनके पक्ष में संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर इस अभियान में भाग लेगा। आंदोलन के कार्यक्रमों की अंतिम रूपरेखा जल्द घोषित की जाएगी। कांग्रेस प्रश्नपत्र लीक, पेट्रोलियम पदार्थों की महंगाई, मध्य प्रदेश में कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा नामांकन खारिज किए जाने और देश की आर्थिक स्थिति को लेकर अगले दो से तीन महीने में राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। आंदोलन ब्लॉक स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक आयोजित किया जाएगा। इसकी विस्तृत रूपरेखा अगले कुछ दिनों में पार्टी जारी करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *