रामगढ़। तीन दिवसीय 21वीं उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का सोमवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान रामगढ़ जिला पुलिस ने ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। खराब मौसम और बारिश के बावजूद खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना ने समारोह को यादगार बना दिया।
रामगढ़ पुलिस का शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता में रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा और चतरा जिले के पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने हिस्सा लिया। वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, क्रिकेट और एथलेटिक्स समेत विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। मुख्य अतिथि उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के डीआईजी अंजनी कुमार झा ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
अब चतरा करेगा अगली प्रतियोगिता की मेजबानी
डीआईजी अंजनी कुमार झा ने कहा कि खेलकूद पुलिस बल में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना को मजबूत करता है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। समापन समारोह में प्रतियोगिता ध्वज चतरा जिला पुलिस को सौंपा गया। इसके साथ ही 22वीं उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता की मेजबानी चतरा को सौंप दी गई। कार्यक्रम में रामगढ़ डीसी ऋतुराज, एसपी मुकेश कुमार लुणायत सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
