रेत विवाद में भाजपा नेता को कार में जिंदा जलाया, भाई की भी मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह को कथित तौर पर कार में जिंदा जलाकर मार दिया गया। इस घटना में गंभीर रूप से झुलसे उनके भाई और शिक्षक नागेंद्र सिंह की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।

रेत घाट विवाद बना खूनी संघर्ष की वजह

पुलिस के अनुसार, नौगई रेत घाट के ठेके और अवैध खनन को लेकर भरत सिंह के परिवार और स्थानीय भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी के गुट के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात आरोपितों ने भरत सिंह के घर के पास उनकी फॉर्च्यूनर कार का रास्ता डंपर लगाकर रोक दिया और वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

कार में भरत सिंह, उनके भाई नागेंद्र सिंह, रायपुर निवासी वीरू सिंह और एक अन्य व्यक्ति सवार थे। हमलावरों ने उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं दिया, जिससे सभी आग की चपेट में आ गए।

दो की मौत, दो की हालत गंभीर

घटना में भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे नागेंद्र सिंह ने अंबिकापुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वीरू सिंह और एक अन्य घायल को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

चार गिरफ्तार, मुख्य आरोपित फरार

पुलिस ने मामले में अब तक अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है। वहीं मुख्य आरोपित मनोज त्रिपाठी समेत अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस ने हत्या, आगजनी और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आईजी ने संभाला मोर्चा

घटना की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा देर रात कोरिया पहुंचे और अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है तथा पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *