कोलकाता। पश्चिम बंगाल में उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों को आखिरकार राहत मिलनी शुरू हो गई है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और अनुकूल मौसमीय परिस्थितियों के कारण दक्षिण बंगाल में बारिश का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।
बारिश से तापमान में आई भारी गिरावट
पिछले एक सप्ताह से कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में तेज गर्मी और उमस लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। गुरुवार शाम हल्की बारिश के बाद शुक्रवार सुबह से कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई।
बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। कोलकाता में रात का तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 24.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री से घटकर 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में शहर में 52.9 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
इन जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने हुगली, दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर तथा पूर्व बर्दवान जिलों में भारी से अति भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, विष्णुपुर और बांकुड़ा में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है।
शनिवार को दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि रविवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।
तेज हवाओं की भी चेतावनी
कोलकाता, हावड़ा, हुगली, नदिया, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
उत्तर बंगाल में भी भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार जिलों में भी भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।
