बारात से लौट रही कार पेड़ से टकराई, दूल्हे के पिता समेत दो की मौत

गुमला। जिले के पालकोट थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दूल्हे के पिता समेत दो लोगों की मौत हो गई। बारात से लौट रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

झपकी बनी हादसे की वजह

जानकारी के अनुसार, बसिया के लौंगा गांव से बारात कुम्हारी गई थी। शनिवार सुबह बारात लौटने के दौरान पालकोट थाना क्षेत्र के काली मंदिर के समीप कार चालक को अचानक झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई।

हादसा इतना भीषण था कि दूल्हे के पिता कलेश्वर साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल दीनबंधु साहू को गंभीर हालत में रिम्स रेफर किया गया, लेकिन भरनो पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

तीन अन्य घायल, अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में रामदरस पांडे, मनोज ठाकुर और बालमुकुंद साहू घायल हो गए। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त पंचायत सेवक थे कलेश्वर साहू

मृतक कलेश्वर साहू घाघरा प्रखंड की चुंदरी पंचायत में पंचायत सेवक के पद पर कार्यरत थे। उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें पिछले वर्ष राष्ट्रपति सम्मान भी प्राप्त हुआ था। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पालकोट थाना के एसआई मोहम्मद गफ्फार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *