Homeझारखंडखदान से लापता युवक का शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की...

खदान से लापता युवक का शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

कोडरमा। जिले के जयनगर थाना क्षेत्र स्थित डहुआटोल पत्थर खदान से रविवार सुबह एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चंदवारा थाना क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय दशरथ यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है।

शनिवार सुबह से था लापता

जानकारी के अनुसार, दशरथ यादव शनिवार सुबह अपनी बाइक के साथ घर से निकला था, जिसके बाद से वह लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। खोजबीन के दौरान युवक के मोबाइल का लोकेशन डहुआटोल क्षेत्र में मिला।

लोकेशन मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे, जहां सबसे पहले मृतक की बाइक बरामद हुई। इसके बाद मोबाइल लोकेशन के आधार पर आगे तलाश करने पर पत्थर खदान में युवक का शव दिखाई दिया। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलने पर जयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

सड़क जाम कर किया विरोध

शव बरामद होने के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों और परिजनों ने उरवां के पास पटना-रांची मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप था कि युवक की हत्या कर शव को खदान में फेंका गया है। बाद में पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments