2021 चुनाव बाद हिंसा मामले में बाराबनी के तीन तृणमूल नेता गिरफ्तार

पश्चिम बर्दवान। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े मामले में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के तहत बाराबनी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाराबनी पंचायत समिति के अध्यक्ष और तृणमूल कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष असित सिंह, पानुरिया ग्राम पंचायत के उप-प्रधान विश्वजीत सिंह तथा तृणमूल नेता अकबर आलम को गिरफ्तार किया है।

दो पश्चिम बर्दवान से, एक झारखंड से गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात कुल्टी थाना क्षेत्र के डुबुरडीही चेकपोस्ट के पास स्थित एक ढाबे के निकट से असित सिंह और विश्वजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया। वहीं तीसरे आरोपित अकबर आलम को झारखंड के जमशेदपुर स्थित आजाद नगर थाना क्षेत्र से हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि वह अपनी बेटी के ससुराल में छिपा हुआ था।

तीनों आरोपितों के खिलाफ बाराबनी थाना कांड संख्या 98/2021 के तहत दर्ज चुनाव बाद हिंसा मामले में कार्रवाई की गई है। पुलिस का दावा है कि विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से ही तीनों फरार चल रहे थे और इनके खिलाफ विभिन्न मामलों में जांच जारी थी।

आज अदालत में होगी पेशी

गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा कारणों से तीनों आरोपितों को हीरापुर थाना में रखा गया है। शुक्रवार को उन्हें आसनसोल जिला अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि लंबे समय से इन आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। अधिकारियों को उम्मीद है कि इनकी गिरफ्तारी से मामले की जांच में महत्वपूर्ण प्रगति होगी। हालांकि, इसी मामले के कुछ अन्य आरोपित अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाई खुशी

गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही बाराबनी क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जताई। कई स्थानों पर पटाखे फोड़कर पुलिस की कार्रवाई का स्वागत किया गया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि वे लंबे समय से चुनाव बाद हिंसा के आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे और पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *