रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के पिपलोदा थाना क्षेत्र स्थित हतनारा गांव में मुहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गुरुवार रात ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे करंट फैल गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।
हाईटेंशन लाइन से टकराते ही फैला करंट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जुलूस में करीब 200 लोग शामिल थे। इसी दौरान लगभग 20 फीट ऊंचाई पर गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से ताजिया टकरा गया। लाइन नीचे होने के कारण ताजिया के संपर्क में आते ही करंट फैल गया और आगे चल रहे कई लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया।
तीन की मौत, सात घायल
हादसे में रशीद खान, सड्डू हुसैन और अरबाज खान की मौत हो गई। हालांकि, अरबाज के परिजन उन्हें अस्पताल से अन्य स्थान पर ले गए, जिसके चलते प्रशासन ने फिलहाल दो मौतों की पुष्टि की है, जबकि ड्यूटी चिकित्सक डॉ. रविंद्र सोलंकी ने तीन लोगों के मौत की पुष्टि की है।
घायलों में अनास, मोइन शाह, रहीम खान, अख्तियार खान, इरफान, शाहरुख, शकील, रईस, मोहम्मद, वहीद और इब्राहिम शामिल हैं। इनमें सात लोगों का उपचार जारी है और पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रशासन ने शुरू की जांच
रतलाम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। यह भी जांच की जा रही है कि हाईटेंशन बिजली लाइन की ऊंचाई और सुरक्षा मानकों में कहीं लापरवाही तो नहीं बरती गई।
हादसे का वीडियो आया सामने
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें करंट फैलते ही जुलूस में भगदड़ और अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। लोग घायलों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं।
