रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, बैंड-ताशा पार्टी के 7 सदस्यों की मौत

रामगढ़। रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) पर बारलोंग के समीप गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बैंड-ताशा पार्टी के सात सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-23 जाम कर सड़क सुरक्षा उपायों की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

ट्रक की टक्कर से हुआ भीषण हादसा

पुलिस के अनुसार, बलसगरा के दो लोग और मरांगमरचा गांव की बैंड-ताशा पार्टी के छह सदस्य एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। सभी सवारी वाहन से बलसगरा जा रहे थे। इसी दौरान रामगढ़ की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे कोयला लदे ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान वाहन को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सवारी वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी को रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में सात को मृत घोषित किया गया

रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि अस्पताल लाए गए आठ घायलों में से सात को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एक घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसे रिम्स, रांची रेफर किया गया है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखा गया है।

बैंड-ताशा पार्टी से जुड़े पिंटू ने बताया कि वाहन में कुल आठ लोग सवार थे। इनमें दो लोग बलसगरा और छह लोग मरांगमरचा गांव के निवासी थे। मृतकों की औपचारिक पहचान की प्रक्रिया जारी है।

ग्रामीणों ने किया एनएच-23 जाम

हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने एनएच-23 जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क चौड़ीकरण, स्ट्रीट लाइट, डिवाइडर, सीसीटीवी कैमरे और स्थायी सड़क सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की।

जांच में जुटी पुलिस

रामगढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक के रॉन्ग साइड से आकर सवारी वाहन को टक्कर मारने की बात सामने आई है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है।

मौके पर एसडीपीओ अनूप रंजन, हेडक्वार्टर डीएसपी अकरम रज्जा, रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार, रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय, गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। प्रशासन ग्रामीणों से वार्ता कर जाम समाप्त कराने का प्रयास कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *