खूंटी। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के खूंटी जिला सचिव और खूंटी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुशील पाहन का गुरुवार देर रात निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वे भारत मुंडा समाज झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष भी थे।
समाज सेवा के लिए समर्पित था जीवन
सुशील पाहन लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे। उन्होंने नौकरी से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर खुद को पूरी तरह समाज सेवा के लिए समर्पित कर दिया था। वर्ष 2019 में उन्होंने झामुमो के टिकट पर खूंटी विधानसभा चुनाव भी लड़ा था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब थी और गुरुवार रात उनका निधन हो गया।
उनके निधन की सूचना मिलते ही शुक्रवार सुबह से कर्रा प्रखंड की डूमरगड़ी पंचायत स्थित उनके पैतृक गांव डुफू में झामुमो कार्यकर्ताओं, समर्थकों और ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी।
आज होगा अंतिम संस्कार
परिजनों के अनुसार, सुशील पाहन का अंतिम संस्कार शुक्रवार दोपहर 12 बजे डूमरगड़ी पंचायत के डुफू गांव में किया जाएगा।
नेताओं ने जताया शोक
सुशील पाहन के निधन पर तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया, खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा, तमाड़ विधायक विकास सिंह मुंडा, झामुमो जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद, जिला सह सचिव प्रदीप केशरी, युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष राहुल केशरी, मोजिर अंसारी समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गहरी संवेदना व्यक्त की।
तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि सुशील पाहन सरल, मिलनसार और संघर्षशील व्यक्तित्व के धनी थे तथा पार्टी और समाज के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। वहीं खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा ने कहा कि समाज और संगठन के लिए उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा।
