खूंटी। खूंटी–रांची मुख्य मार्ग पर तजना नदी पुल के समीप शनिवार को फेवरब्लॉक से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रक पर सवार तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया।
कार को बचाने के दौरान हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रक टाटीसिल्वे से फेवरब्लॉक लेकर खूंटी की ओर आ रहा था। तजना नदी पुल के पास सामने से आ रही एक कार को बचाने के प्रयास में चालक ने ट्रक पर नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन सड़क किनारे पलट गया।
तीनों घायलों को रिम्स रेफर
दुर्घटना में ट्रक पर सवार प्रकाश, निवारण और रासबिहारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल प्रकाश ने बताया कि कार अचानक सामने आ जाने के कारण चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और हादसा हो गया। हालांकि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से सदर अस्पताल, खूंटी पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
