इंतज़ार ख़त्म, लांच हुआ ‘भारत टैक्सी’ सेवा । पढ़े पूरी रिपोर्ट…

गांधीनगर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को गांधीनगर के महात्मा मंदिर में सहकारी मॉडल आधारित ‘भारत टैक्सी’ सेवा का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि अगले दो वर्षों में इस सेवा का विस्तार देश के 500 शहरों और गांवों तक किया जाएगा। कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद रहे।

सहकारी मॉडल पर चलेगी भारत टैक्सी

अमित शाह ने कहा कि भारत टैक्सी का उद्देश्य यात्रियों और ड्राइवरों के शोषण को समाप्त करना है। इस मॉडल में चालक केवल वाहन चलाने वाला नहीं, बल्कि सहकारी संस्था का भागीदार और मालिक भी होगा। उन्होंने बताया कि सेवा के तहत दोपहिया और चारपहिया दोनों तरह की टैक्सी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

निजी ऐप सेवाओं की समस्याओं का विकल्प

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि निजी ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं में अधिक कमीशन, भुगतान में देरी और नए ड्राइवरों के पंजीकरण जैसी समस्याओं को देखते हुए भारत टैक्सी की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि इस मॉडल में चालक को ‘सारथी’ कहा जाएगा, जिसे सम्मान और स्वामित्व दोनों मिलेगा।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में 7 लाख से अधिक सारथी इस सहकारी संस्था से जुड़े हैं और 37 लाख से अधिक लोग इस सेवा का लाभ उठा चुके हैं।

सारथियों को मिलेंगी ऋण और बीमा की सुविधाएं

अमित शाह ने कहा कि कुछ लोग किराए को लेकर भ्रम फैला रहे हैं, जबकि भारत टैक्सी के किराए प्रतिस्पर्धी हैं। उन्होंने दावा किया कि इस सेवा के शुरू होने के बाद निजी कंपनियों ने भी अपने किराए कम करने शुरू कर दिए हैं। भविष्य में सारथियों को ऋण, बीमा और व्यवसाय विस्तार जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

गुजरात में सबसे सफल होगा मॉडल : भूपेंद्र पटेल

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि सहकारिता गुजरात की पहचान है और भारत टैक्सी आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विश्वास जताया कि सहकारी व्यवस्था के कारण गुजरात में यह मॉडल सबसे अधिक सफल होगा और ड्राइवर अब केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि लाभ के साझेदार भी बनेंगे।

विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण

दो दिवसीय गांधीनगर दौरे पर पहुंचे अमित शाह विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा वे संगठन और प्रशासन के साथ कई समीक्षा बैठकों में भी हिस्सा लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *