पीएम मोदी सेशेल्स दौरे पर रवाना, राष्ट्रीय दिवस समारोह में होंगे मुख्य अतिथि

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर पूर्वी अफ्रीकी देश सेशेल्स के लिए रवाना हो गए। 27 से 29 जून तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान वह सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस की स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह दौरा भारत और सेशेल्स के बीच समुद्री सहयोग, रणनीतिक साझेदारी और द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राष्ट्रपति हर्मिनी से होगी अहम बैठक

विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर हो रही है। यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी, जिसमें समुद्री सुरक्षा, विकास सहयोग और क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। प्रधानमंत्री सेशेल्स की नेशनल असेंबली को भी संबोधित करेंगे और ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे।

भारतीय समुदाय से करेंगे संवाद

प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और जनसंपर्क संबंधों को और मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा।

रवाना होने से पहले क्या बोले प्रधानमंत्री

दिल्ली से रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सेशेल्स भारत का महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी और ‘महासागर’ विजन का प्रमुख साझेदार है। उन्होंने कहा कि दोनों देश इस वर्ष अपने राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ मना रहे हैं, जो आपसी विश्वास, लोकतांत्रिक मूल्यों और गहरे जनसंपर्क पर आधारित हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा दोनों देशों के पारंपरिक संबंधों को और मजबूत करेगी, हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सहयोग को नई गति देगी तथा क्षेत्र में सुरक्षा, शांति और समृद्धि के साझा लक्ष्य को आगे बढ़ाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *