आकाशीय बिजली का कहर, होमगार्ड की मौत, छह लोग झुलसे

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले के हलिया थाना क्षेत्र में रविवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक होमगार्ड की मौत हो गई, जबकि छह लोग झुलस गए। वहीं एक बैल की भी बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घर के बरामदे में बैठे होमगार्ड की गई जान

मगरदा गांव निवासी 57 वर्षीय होमगार्ड रामदुलारे अपनी पत्नी मानमती के साथ घर के बरामदे में बैठे थे। इसी दौरान पास में आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे रामदुलारे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी मानमती, पड़ोस की पुष्पा (18) और प्रमिला (16) झुलस गईं।

इसी तरह सोनगढ़ा गांव निवासी अमित कुमार (22), मटिहरा गांव की प्रीति यादव (15) तथा राजपुर गांव की प्रेमा (65) भी अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने से घायल हो गईं।

बिजली गिरने से बैल की भी मौत

राजपुर गांव में रामनरायन कोल का बैल पेड़ के नीचे बंधा हुआ था। आकाशीय बिजली गिरने से उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई।

अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज

सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अवधेश कुमार ने बताया कि सभी घायलों की हालत फिलहाल सामान्य है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और रामदुलारे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हलिया थाना प्रभारी राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *