Homeराष्ट्रीयउत्तर बंगाल में बारिश का कहर, तीन जिलों में रेड अलर्ट

उत्तर बंगाल में बारिश का कहर, तीन जिलों में रेड अलर्ट

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। उत्तर बंगाल में भारी बारिश का दौर जारी है, जबकि दक्षिण बंगाल के कई जिलों में गरज, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। सोमवार के लिए उत्तर बंगाल के तीन जिलों में रेड अलर्ट और दक्षिण बंगाल के आठ जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

तीन जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान सात से 20 सेंटीमीटर तक भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश होने का भी अनुमान है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इन तीनों जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर बंगाल के अन्य जिलों में भी अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई इलाकों में भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

दक्षिण बंगाल के आठ जिलों में ऑरेंज अलर्ट

दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ वर्षा की संभावना है। वहीं पुरुलिया, पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा, झाड़ग्राम, पूर्व एवं पश्चिम बर्धमान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, वज्रपात और बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

कोलकाता में बादल छाए रहने के आसार

मौसम विभाग के अनुसार कोलकाता में सोमवार को आसमान सामान्य रूप से बादलों से ढका रहेगा। शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या वज्रपात के साथ वर्षा हो सकती है। अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

प्रशासन ने सतर्क रहने की अपील की

मौसम विभाग ने विशेष रूप से उत्तर बंगाल के संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments