विक्टोरिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को सेशेल्स की राजधानी विक्टोरिया में आयोजित स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ के राष्ट्रीय दिवस समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने सेशेल्स के लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक समारोह का हिस्सा बनना उनके लिए सम्मान की बात है।
भारत-सेशेल्स मित्रता को बताया मजबूत साझेदारी
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि सेशेल्स की आजादी की स्वर्ण जयंती का यह समारोह पिछले 50 वर्षों की उसकी विकास यात्रा को समर्पित है। उन्होंने कहा कि भारत को सेशेल्स के विकास में एक भरोसेमंद मित्र और साझेदार के रूप में साथ खड़े होने पर गर्व है।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों की साझेदारी साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और लोगों के बीच मजबूत संबंधों पर आधारित है तथा आने वाले समय में यह मित्रता और अधिक मजबूत होगी।
‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ बने पहले भारतीय प्रधानमंत्री
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ के रूप में शामिल होने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने हैं। उन्होंने कहा कि यह दोनों देशों के बीच विशेष और घनिष्ठ संबंधों का प्रतीक है।
भारतीय सैन्य टुकड़ी ने परेड में लिया हिस्सा
राष्ट्रीय दिवस परेड में भारतीय सेना और भारतीय नौसेना की मार्चिंग टुकड़ी ने भी भाग लिया। भारतीय नौसेना बैंड ने भी अपनी प्रस्तुति दी। इसके अलावा विशेष पहल के तहत भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस तरकश और आईएनएस इक्षक को पोर्ट विक्टोरिया में तैनात किया गया, जो भारत और सेशेल्स के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा सहयोग और मित्रता का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस ऐतिहासिक अवसर पर भारत की ओर से सेशेल्स की जनता को शुभकामनाएं देते हुए दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का विश्वास जताया।
