वाशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। अमेरिकी न्यूज वेबसाइट एक्सियोस ने वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से दावा किया है कि दोनों देश फिलहाल एक-दूसरे पर हमले रोकने पर सहमत हो गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों पक्ष मंगलवार को कतर की राजधानी दोहा में वार्ता कर सकते हैं, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
होर्मुज जलडमरूमध्य रहेगा बातचीत का मुख्य मुद्दा
रिपोर्ट के मुताबिक प्रस्तावित बैठक का मुख्य एजेंडा होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री आवाजाही को सामान्य बनाए रखना होगा। यह मार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। वार्ता में अमेरिकी तकनीकी टीम के प्रमुख निक स्टीवर्ट के शामिल होने की संभावना है।
एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, दोनों पक्षों ने फिलहाल सभी प्रकार की सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई है। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि जहाजों की आवाजाही सामान्य रखने और तनाव कम करने के लिए तकनीकी स्तर पर बातचीत जारी रहेगी।
स्विट्जरलैंड की जगह दोहा में होगी बैठक
शुरुआत में यह बैठक स्विट्जरलैंड में ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर चर्चा के लिए प्रस्तावित थी, लेकिन हालिया सैन्य तनाव के बाद इसका स्थान बदलकर दोहा कर दिया गया। अब वार्ता का दायरा सीमित रखते हुए केवल होर्मुज जलडमरूमध्य और समुद्री सुरक्षा के मुद्दों पर फोकस किया जाएगा।
हालांकि, व्हाइट हाउस ने इस प्रस्तावित बैठक को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि या टिप्पणी नहीं की है।
समझौते के क्रियान्वयन पर बनी चुनौती
रिपोर्ट के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य दोनों देशों के बीच हुए पूर्व समझौते के क्रियान्वयन में सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। ईरान ने वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया था, जबकि अमेरिका ने इसके बदले ईरानी बंदरगाहों पर लगी कुछ पाबंदियां हटाने पर सहमति जताई थी। पिछले सप्ताह स्विट्जरलैंड में हुई बातचीत के दौरान दोनों पक्षों ने आपसी संवाद के लिए हॉटलाइन स्थापित करने पर भी सहमति बनाई थी।
ईरान ने तकनीकी वार्ता से बनाई दूरी
अरब न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के कार्यालय से जुड़े मेहदी फजाइली ने सरकारी टेलीविजन को बताया कि हालिया हमलों और समझौते की शर्तें पूरी नहीं होने के कारण ईरान रविवार को प्रस्तावित तकनीकी वार्ता में शामिल नहीं हुआ।
