रामगढ़। गिरिडीह जिले के सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की बेरहमी से की गई हत्या के मामले में पुलिसिया कार्रवाई तेज हो गई है। मृतक की पत्नी रीता कुमारी ने मांडू थाने में 10 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है। इस बीच, वारदात का एक बेहद चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए 6 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है।
पत्नी का आरोप: 8 लोगों ने किया हमला, 2 ने रची हत्या की साजिश
रबोध गांव निवासी रीता कुमारी ने मांडू थाने में दिए लिखित आवेदन में बताया कि उनके पति मंगलवार को हुवाग स्थित सियारी टांड़ में अपनी खरीदी हुई जमीन पर बोरिंग और सबमर्सिबल पंप का काम देखने गए थे। आरोप है कि तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे रामू साव उर्फ ज्ञानी साव, विष्णु कुमार, संतोष साव उर्फ पप्पम, पूजा देवी, रूबी देवी, शकुंतला देवी, विनय कुमार और डोली कुमारी ने उन पर धावा बोल दिया। इन लोगों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से सब-रजिस्ट्रार को तब तक बेरहमी से पीटा, जब तक कि उनके प्राण नहीं निकल गए।
रीता कुमारी ने शिकायत में यह भी सनसनीखेज आरोप लगाया है कि इस खूनी खेल के पीछे हुवाग गांव के हेमंत पांडे और दिनेश्वर साव ने मुख्य साजिश रची थी। वारदात के बाद सभी आरोपी गवाहों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ खौफनाक वीडियो
इस बीच, सब-रजिस्ट्रार पर हुए हमले का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में आधा दर्जन से अधिक लोग बालेश्वर पटेल को घेरकर ईंट और डंडों से बेरहमी से पीटते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। घटनास्थल पर कुछ महिलाओं की मौजूदगी भी नजर आ रही है। हालांकि, पुलिस इस वायरल वीडियो की तकनीकी और वैज्ञानिक रूप से जांच कर रही है।
एसडीपीओ का बयान: 6 हिरासत में, बाकी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
रामगढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) आलोक रंजन ने बताया कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। वायरल वीडियो में दिख रहे चेहरों का मिलान कर पुलिस ने अब तक 6 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और उनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है।
एसडीपीओ ने कहा कि एफआईआर में शामिल अन्य नामजद आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों को इकट्ठा कर रही है ताकि कोर्ट में दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।
