Homeक्राइममौर्या एक्सप्रेस में मोबाइल झपटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, 40 हजार का...

मौर्या एक्सप्रेस में मोबाइल झपटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, 40 हजार का फोन बरामद

सीवान। चलती मौर्या एक्सप्रेस में यात्री का मोबाइल झपटकर फरार होने वाले दो शातिर बदमाशों को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सीपीडीएस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से करीब 40 हजार रुपये कीमत का सैमसंग मोबाइल, एक की-पैड मोबाइल और नगद राशि बरामद की गई है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, वाराणसी के निर्देशन और सहायक सुरक्षा आयुक्त, छपरा के मार्गदर्शन में आरपीएफ पोस्ट सीवान तथा ट्रेन स्कॉर्ट कंपनी गोरखपुर की टीम ने शुक्रवार को की।

चलती ट्रेन में झपटा था मोबाइल

आरपीएफ के अनुसार, गोरखपुर–सम्बलपुर मौर्या एक्सप्रेस सीवान स्टेशन से रवाना होने के करीब एक किलोमीटर बाद पूर्वी आउटर मालगोदाम के पास जीरादेई थाना क्षेत्र के ठेपहा गांव निवासी भीम कुमार साह के हाथ से मोबाइल झपट लिया गया। वारदात के बाद दोनों बदमाश ट्रेन से उतरकर भागने लगे।

सूचना मिलते ही आरपीएफ और सीपीडीएस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोपहर 1:45 बजे मालगोदाम के पास दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के मोराखास निवासी शमशाद अली और पचरुखी थाना क्षेत्र के हरदिया निवासी इमाम सरवर के रूप में हुई है।

पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे सीवान पूर्वी आउटर के पास चलती ट्रेनों में बैठे यात्रियों के हाथ से मोबाइल झपटकर फरार हो जाते थे।

रेलवे पुलिस ने दोनों के खिलाफ रेल थाना सीवान में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस अभियान में आरपीएफ पोस्ट सीवान, सीपीडीएस टीम और फील्ड मुख्यालय गोरखपुर के अधिकारियों एवं जवानों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments