किशनगंज। जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत शुक्रवार को पोठिया प्रखंड में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के लिए डेटा संग्रहण कार्य से जुड़े 37 नामित क्षेत्र पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर समाहर्ता-सह-वरीय पदाधिकारी, जिला जनगणना कोषांग ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अपर समाहर्ता ने कहा कि जनगणना-2027 देश की सबसे महत्वपूर्ण सांख्यिकीय प्रक्रियाओं में से एक है। इसकी सफलता के लिए सटीक, प्रमाणिक और गुणवत्तापूर्ण आंकड़ों का संग्रह आवश्यक है। उन्होंने सभी क्षेत्र पदाधिकारियों को प्रशिक्षण में दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर त्रुटिरहित डेटा संग्रह करने का निर्देश दिया।
डेटा संग्रह और सत्यापन की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के लिए आंकड़ों के संग्रह, सत्यापन, अभिलेखीकरण और प्रतिवेदन तैयार करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही प्रपत्रों को सही तरीके से भरने, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने और आंकड़ों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी मार्गदर्शन दिया गया।
मास्टर प्रशिक्षक ने बताया कि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका दो भागों—ग्राम निर्देशिका/नगर निर्देशिका और प्राथमिक जनगणना सार—में तैयार की जाएगी। इसके तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, बैंकिंग, संचार, विद्युत, भूमि उपयोग, सिंचाई, कृषि, हस्तशिल्प, नागरिक सुविधाओं और मलिन बस्तियों से संबंधित आंकड़े एकत्र किए जाएंगे। इसके लिए 31 दिसंबर 2025 को संदर्भ तिथि निर्धारित की गई है।
अपर समाहर्ता ने सभी अधिकारियों से अपने दायित्वों का पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की अपील की, ताकि जनगणना-2027 के सफल आयोजन में किशनगंज की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जनगणना कार्य निदेशालय के मास्टर प्रशिक्षक, पोठिया प्रखंड के क्षेत्र पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।

