सीवान। पूर्वोत्तर रेलवे ने शुक्रवार को वैशाली एक्सप्रेस और बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान 50 यात्री बिना टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा करते मिले। रेलवे ने उनसे भाड़ा और जुर्माने के रूप में कुल 27,800 रुपये वसूले।
यह अभियान पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के सहायक वाणिज्य प्रबंधक शिवशंकर प्रसाद के नेतृत्व में चलाया गया। जांच नई दिल्ली-ललित ग्राम वैशाली एक्सप्रेस और दरभंगा-नई दिल्ली बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में की गई।
पेंट्री कार का भी हुआ निरीक्षण
टिकट जांच के साथ-साथ ट्रेनों की पेंट्री कार का भी गहन निरीक्षण किया गया। इस दौरान अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता की जांच की गई। साथ ही पेंट्री कार में कार्यरत कर्मचारियों के पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी जांचे गए। अधिकारियों ने सुरक्षा और खाद्य सेवा से जुड़े सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रेलवे ने दी सख्ती जारी रखने की चेतावनी
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ऐसे विशेष अभियान का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना, रेलवे के राजस्व की सुरक्षा करना और यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि ट्रेनों में सुरक्षा और सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इस तरह की जांच लगातार जारी रहेगी।
इस अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक आशुतोष शाही, पी.के. शुक्ला, आकाश शर्मा, राजेंद्र चौधरी समेत टिकट जांच दल के अन्य कर्मचारी भी शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान बेटिकट यात्रियों में हड़कंप की स्थिति रही।

